रायबरेली , फरवरी 28 -- उत्तर प्रदेश में रायबरेली जिले के शहर कोतवाली क्षेत्र में दृष्टिबाधित युवक की हत्या के मामले का पुलिस ने खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। मामले का चौंकाने वाला पहलू यह है कि मृतक के साथ-साथ मुख्य आरोपी और उसकी महिला मित्र भी दृष्टिबाधित हैं। पुलिस अधीक्षक रवि कुमार ने शनिवार को बताया कि 21 फरवरी को कोतवाली नगर क्षेत्र निवासी दृष्टिबाधित युवक अजय कुमार सरोज की हत्या कर उसका शव भदोखर थाना क्षेत्र के कुचरिया गांव के पास फेंक दिया गया था। शुक्रवार को शव बरामद होने के बाद पोस्टमार्टम कराते हुए पुलिस ने साक्ष्य संकलन एवं इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस के आधार पर कार्रवाई की। उन्होंने बताया कि मृतक की मां कुसुम देवी, निवासी रतापुर (नगर कोतवाली क्षेत्र), ने 22 फरवरी को अपने पुत्र के लापता होने की तहरीर दी थी। अजय 21 फरवरी की दोपहर दोस्तों से मिलने की बात कहकर घर से निकला था, लेकिन वापस नहीं लौटा। गुमशुदगी दर्ज कर पुलिस टीमों का गठन किया गया था।
जांच के दौरान पुलिस ने चकबेलियापुर मोड़, मटिहा रोड से दो आरोपियों अंकुश यादव तथा गौरव उर्फ अजीत यादव को गिरफ्तार किया। दोनों के विरुद्ध कोतवाली नगर थाने में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया है। पुलिस के अनुसार आरोपी गौरव हिस्ट्रीशीटर है, जबकि अंकुश यादव भी दृष्टिबाधित है।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि घटना वाले दिन वे अजय को रतापुर चौराहे से शराब खरीदकर शारदा नहर किनारे झाड़ियों में ले गए, जहां तीनों ने शराब पी। इसी दौरान आपसी रंजिश के चलते अजय की लोहे की रॉड से हत्या कर दी गई। आरोप है कि मृतक ने आरोपी गौरव की महिला मित्र के संबंध में उसके घर पर जानकारी दी थी तथा अंकुश यादव और उसकी महिला मित्र के बीच विवाद उत्पन्न कराया था, जिससे रंजिश बढ़ गई।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित