रायबरेली , अगस्त 04 -- उत्तर प्रदेश में रायबरेली जिले की महाराजगंज थाना पुलिस ने दहेज हत्या के मामले में वांछित सास ससुर और पति को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
पुलिस सूत्रों ने मंगलवार को बताया कि सोमवार को चंदापुर थाना क्षेत्र के पूरे देवरी मजरे ओया गांव निवासी संत प्रसाद यादव की तहरीर पर महाराजगंज थाने में मुकदमा दर्ज किया गया था। आरोप है कि उनकी भतीजी मनीषा यादव (25) को दहेज की मांग को लेकर उसके पति, सास और ससुर सहित अन्य परिजन प्रताड़ित करते थे तथा मांग पूरी न होने पर उसकी हत्या कर दी गई।
मामले में पुलिस ने इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस और अन्य साक्ष्यों के आधार पर बीएनएस व दहेज प्रतिषेध कानून के तहत कार्रवाई करते हुए मंगलवार को मुखबिर की पुख्ता सूचना पर थाना क्षेत्र के नैय्या नाला, सघई के पुरवा के पास से तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार आरोपियों में रामदेव (ससुर), राजबहादुर (पति) तथा धीरजा (सास) शामिल हैं। तीनों महाराजगंज थाना क्षेत्र के मकरन्दपुर मजरे जमुरावां गांव के निवासी हैं। पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों के विरुद्ध अग्रिम विधिक कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायालय में पेश किया गया, जहां से न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित