रायबरेली , अप्रैल 5 -- उत्तर प्रदेश के रायबरेली के सदर तहसील इलाके में शनिवार देर शाम आंधी-तूफान और बारिश के दौरान हुए अलग-अलग हादसों में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि फसलें भी बड़े पैमाने पर नष्ट हो गईं।

आपदा विभाग के सूत्रों से रविवार को मिली जानकारी के अनुसार बीती रात करीब आठ - नौ बजे तेज रफ्तार आंधी तूफान और बारिश से अलग अलग हादसों में दो लोगो की मृत्यु हो गयी जबकि फसलों को भारी नुकसान पहुंचा है। बताया गया कि तहसील सदर के ग्राम पूरे बिरवाल निवासी 50 वर्षीय सदलाल पासी पुत्र छब्बा की बिजली का पोल गिरने से मौत हो गई। तेज आंधी के दौरान पोल गिरकर उनके ऊपर आ गिरा, जिससे मौके पर ही उनकी जान चली गई। दूसरी घटना में किशुनपुर जोहवाशर्की निवासी 45 वर्षीय नैपाल पुत्र रामेश्वर की नीम का पेड़ गिरने से मौत हो गई। वह अपने घर के बाहर टीन शेड के नीचे बंधे जानवरों को खोलने गया था, तभी अचानक तेज हवा के चलते नीम का पेड़ गिर पड़ा और वह उसकी चपेट में आ गया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित