रायबरेली , मार्च 29 -- उत्तर प्रदेश में रायबरेली जिले के मिल एरिया थाना क्षेत्र में पुलिस ने डीजल चोरी की घटना का खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से करीब 60 लीटर डीजल बरामद किया है। पुलिस सूत्रों ने बताया कि 28 मार्च को एक व्यक्ति ने थाने में तहरीर देकर बताया था कि वह अपने वाहन से फतेहाबाद से महोबा जा रहा था। रास्ते में वाहन खड़ा कर आराम करने के दौरान अज्ञात चोरों ने टंकी से 40-50 लीटर डीजल चोरी कर लिया। इस संबंध में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई। जांच के दौरान पुलिस ने इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस और अन्य साक्ष्यों के आधार पर शारदा नहर खसपरी के पास से तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अनुराग कश्यप, उत्कर्ष और अंकुर सिंह, निवासी जनपद अमेठी के रूप में हुई है।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे सुनसान स्थानों पर खड़े ट्रकों की टंकी से पाइप के जरिए डीजल निकालकर चोरी करते थे और बाद में उसे बेचकर आपस में पैसे बांट लेते थे। घटना वाली रात भी उन्होंने अलग-अलग ट्रकों से करीब 60 लीटर डीजल चोरी किया था। पुलिस के अनुसार, आरोपियों के खिलाफ पूर्व में भी आपराधिक मामले दर्ज हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित