रायबरेली , फरवरी 20 -- उत्तर प्रदेश के रायबरेली जिले के गदागंज क्षेत्र में पुलिस और वन विभाग की संयुक्त कार्रवाई में एक कछुआ तस्कर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 14 जिंदा और एक मृत कछुआ बरामद किया गया है। पुलिस सूत्रों ने बताया कि थाना गदागंज पुलिस एवं वन विभाग की टीम ने शुक्रवार को वाहन चेकिंग के दौरान मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई की। गिरफ्तार आरोपी की पहचान रामशंकर पाल पुत्र रामहरख पाल निवासी ग्राम विशाखा, थाना रामगंज, जिला अमेठी के रूप में हुई है। उसके कब्जे से 14 जीवित एवं एक मरणासन्न कछुआ बरामद किया गया।

डलमऊ रेंजर रवि शंकर के मुताबिक बरामद कछुए छोटे और बड़े आकार के हैं, जिनमें एक की त्रिज्या लगभग 30 सेंटीमीटर आंकी गई है। सभी कछुए गंगेटिक प्रजाति के बताए गए हैं। अंतरराष्ट्रीय बाजार में प्रजाति के अनुसार इनकी कीमत अलग-अलग होती है और कुछ दुर्लभ प्रजातियों की कीमत लाखों से करोड़ों रुपये तक आंकी जाती है। बरामद कछुओं की अनुमानित कीमत डेढ़ से दो लाख रुपये के बीच बताई गई है।

इस मामले में वन्य जीव संरक्षण अधिनियम 1972 के तहत थाना गदागंज में अभियोग दर्ज कर लिया गया है। बरामदगी में एक ऑटो रिक्शा भी शामिल है, जिसे सीज कर दिया गया है। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है और आगे की विधिक कार्रवाई जारी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित