रायबरेली, 25 अक्टूबर 2026 (वार्ता) उत्तर प्रदेश के रायबरेली में उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग की प्रारंभिक अर्हता परीक्षा (पीईटी)-2026 रविवार को 24 केंद्रों पर दो पालियों में आयोजित की जा रही है। परीक्षा को शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए जिलाधिकारी सरनीत कौर ब्रोका और पुलिस अधीक्षक रवि कुमार ने न्यू स्टैंडर्ड पब्लिक स्कूल, त्रिपुला सहित विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
प्रथम पाली में कुल 9,744 पंजीकृत परीक्षार्थियों के सापेक्ष 6,930 परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल हुए, जबकि 2,814 अनुपस्थित रहे।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने परीक्षा केंद्रों पर उपलब्ध व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को परीक्षा के दौरान निर्धारित दिशा-निर्देशों का पालन सुनिश्चित कराने तथा परीक्षा प्रक्रिया को सुचारु बनाए रखने के निर्देश दिए। साथ ही परीक्षार्थियों को किसी प्रकार की असुविधा न होने देने के लिए आवश्यक व्यवस्था बनाए रखने को कहा।
इस अवसर पर जिला विद्यालय निरीक्षक संजीव कुमार सिंह सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित