रायबरेली , मई 26 -- उत्तर प्रदेश में रायबरेली जिले के चंदापुर इलाके में रायबरेली-अयोध्या राष्ट्रीय राजमार्ग पर मंगलवार सुबह डंपर की टक्कर से एक महिला की मौत हो गई, जबकि एक किशोरी गंभीर रूप से घायल हो गई।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि सुबह करीब 6:05 बजे मोहनगंज की ओर से आ रहे तेज रफ्तार डंपर ने सड़क पर जा रही महिला और किशोरी को पीछे से एक ढाबे के पास टक्कर मार दी। हादसे में महिला की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि किशोरी गंभीर रूप से घायल हो गई। मृतका की पहचान काशी प्रसाद की पत्नी श्रीमती (44) निवासी पूरे भगवानदीन मजरे घुराडीह के रूप में हुई है। वहीं घायल किशोरी सरोजा पुत्री तुलसी निवासी चंदापुर थाना क्षेत्र बताई गई है। उसे गंभीर हालत में जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार महिला और किशोरी तिलोई से रायबरेली की ओर जा रही थीं, तभी पीछे से आए अज्ञात डंपर ने उन्हें कुचल दिया। हादसे के बाद आसपास के ग्रामीण मौके पर जुट गए और एंबुलेंस की मदद से घायल किशोरी को अस्पताल भेजा गया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित