रायबरेली , मार्च 12 -- उत्तर प्रदेश में रायबरेली जिले के सलोन क्षेत्र में नेशनल हाईवे पर तेज रफ्तार ट्रक की चपेट में आने से बाइक सवार दो युवकों की मौत हो गई, जबकि एक छात्रा गंभीर रूप से घायल हो गई। पुलिस सूत्रों ने बताया कि गुरुवार सुबह दो दोस्त मोटरसाइकिल से कंप्यूटर की परीक्षा देने जा रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही दोनों युवक सड़क पर गिर पड़े और ट्रक उनके सिर के ऊपर से गुजर गया, जिससे दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।
उन्होने बताया कि लालगंज हज़ारा निवासी महफूज (20) और आलम (18) मोटरसाइकिल से जा रहे थे, जबकि साक्षी गिरी (16) साइकिल से पढ़ाई के लिए जा रही थी। इसी दौरान तीनों तेज रफ्तार ट्रक की चपेट में आ गए। दोनों युवकों का सिर ट्रक के पहिये के नीचे आ गया, जबकि छात्रा का पैर बुरी तरह घायल हो गया।
गंभीर हालत में छात्रा को पहले प्रतापगढ़ के अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से हालत नाजुक देखते हुए चिकित्सकों ने उसे लखनऊ ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। ट्रक चालक मौके से फरार हो गया है, जबकि वाहन को बरामद कर लिया गया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित