रायबरेली , सितंबर 5 -- उत्तर प्रदेश के रायबरेली में सरेनी थाना क्षेत्र में घरेलू विवाद के दौरान गर्भवती महिला से मारपीट कर उसके पेट में चोट पहुंचाने और उपचार के दौरान गर्भपात होने के मामले में पुलिस ने उसके पति, ससुर, देवर, सास और ननद समेत पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, पूरे ओदांन सिंह मजरा हथनासा निवासी महिला ने 14 जुलाई 2026 को घरेलू विवाद को लेकर थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। आरोप है कि उसके पति दिलीप, ससुर राकेश, देवर दीपक, सास रुक्मिणी और ननद अलका ने उसके साथ मारपीट की तथा चाकू से हमला कर उसे घायल कर दिया।
पुलिस के मुताबिक, घटना के बाद महिला का उपचार चल रहा था। उपचार के दौरान उसका गर्भपात हो गया। इसके बाद विवेचना में गर्भपात से संबंधित गंभीर आरोपों की बढ़ोतरी की गई और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम गठित की गई।
पुलिस ने शनिवार को मुखबिर की सूचना पर दिलीप कुमार, राकेश कुमार, दीपक, रुक्मिणी और अलका उर्फ मिनाक्षी को पूरे पाण्डेय मार्ग स्थित नहर पुलिया के पास से गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार, सभी आरोपी पूरे ओदांन सिंह मजरा हथनासा गांव के निवासी हैं।
पुलिस ने बताया कि सभी आरोपियों के खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई के बाद उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित