रायबरेली , अक्टूबर 22 -- उत्तर प्रदेश के रायबरेली में विधान परिषद के लखनऊ खंड स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों के लिए 23 अक्टूबर को होने वाले मतदान की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी सरनीत कौर ब्रोका ने गुरुवार को राजकीय इंटर कॉलेज का निरीक्षण कर निर्वाचन व्यवस्थाओं का जायजा लिया और पोलिंग पार्टियों की रवानगी की प्रक्रिया देखी। उन्होंने निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण मतदान सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। मतदान के लिए पात्र कर्मचारियों को विशेष आकस्मिक अवकाश मिलेगा। वहीं, मतदाता सूची में नाम या अन्य विवरण में मामूली लिपिकीय अथवा मुद्रण संबंधी त्रुटि होने पर भी मतदाता को उसके मताधिकार से वंचित नहीं किया जाएगा। जिलाधिकारी ने निर्वाचन कार्य में लगे अधिकारियों एवं कार्मिकों को निर्देशित किया कि मतदान से संबंधित सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय से पूरी की जाएं। पोलिंग पार्टियों की रवानगी तथा निर्वाचन से जुड़ी अन्य प्रक्रियाएं निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुरूप संपन्न कराई जाएं। उन्होंने कहा कि मतदान प्रक्रिया के दौरान भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों का पालन सुनिश्चित किया जाए, जिससे निर्वाचन निष्पक्ष, पारदर्शी एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो सके।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित