रायबरेली , अप्रैल 23 -- उत्तर प्रदेश के रायबरेली जिले में खुद को क्राइम ब्रांच अधिकारी बताकर ठगी करने वाले एक शातिर आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस क्षेत्राधिकारी नगर अरुण कुमार नौव्हार ने गुरुवार को बताया कि आरोपी राणा प्रताप सिंह ने खुद को क्राइम ब्रांच का अधिकारी बताकर और कमांडो वर्दी पहनकर भाजपा के प्रांतीय नेता मुनीश अग्रवाल को झांसे में लिया। आरोपी ने जेल रोड स्थित एक नव-निर्मित मकान खरीदने के नाम पर 7-7 लाख रुपये के तीन चेक दिए।
वादी मुनीश अग्रवाल के अनुसार आरोपी शुरू में 21 लाख रुपये के चेक देने के बावजूद उन्हें बैंक में जमा करने से टालता रहा, जिससे संदेह हुआ। जांच करने पर पता चला कि आरोपी के खातों में पर्याप्त धनराशि नहीं थी और वह पहले भी इस तरह की ठगी कर चुका है। मामले की शिकायत पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस और अन्य साक्ष्यों के आधार पर जांच शुरू की। गठित टीम ने मुखबिर की सूचना पर बंधा रोड के पास से आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि वह फर्जी पुलिस आईडी कार्ड बनाकर लोगों को झांसे में लेकर ठगी करता था। पुलिस ने उसके कब्जे से एक फर्जी आईडी कार्ड और वर्दी में आठ पासपोर्ट साइज फोटो बरामद किए हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित