रायबरेली , अक्टूबर 05 -- उत्तर प्रदेश में रायबरेली जिले के हरचंदपुर थाना क्षेत्र में नाबालिग को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले जाने के मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर नाबालिग को बरामद कर लिया है।

पुलिस सूत्रों ने सोमवार को बताया कि हरचंदपुर थाना क्षेत्र निवासी व्यक्ति ने पुलिस को तहरीर देकर आरोप लगाया था कि उसकी नाबालिग पुत्री को अमन पुत्र शीतला प्रसाद बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया है। घटना में अमन के भाई नीरज की भी संलिप्तता बताई गई थी। परिजनों द्वारा घटना के संबंध में किसी को जानकारी देने पर जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया गया था।

तहरीर के आधार पर हरचंदपुर थाने में मामला दर्ज कर नाबालिग की बरामदगी व आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे थे। इसी क्रम में मुखबिर की सूचना पर थाना क्षेत्र के गढ़ीखास गांव से महाराजगंज की ओर जाने वाली सड़क पर भाजपा कार्यालय के पास से मामले में वांछित अमन को गिरफ्तार किया गया। आरोपी के विरुद्ध विधिक कार्रवाई करते हुए न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है। दूसरे आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस प्रयास कर रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित