रायबरेली , जनवरी 31 -- उत्तर प्रदेश में रायबरेली जिले के महराजगंज क्षेत्र में शनिवार दोपहर एक भीषण सड़क हादसे में तेज रफ्तार कार की टक्कर से स्कूली वैन क्षतिग्रस्त हो गई, जिसमें सवार आधा दर्जन से अधिक बच्चे घायल हो गए।
पुलिस सूत्रों के अनुसार महराजगंज कोतवाली क्षेत्र के कुबान गांव के पास करीब तीन बजे एक तेज रफ्तार वेन्यू कार ने सामने से आ रही स्कूली वैन को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के बाद कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खाई में पलट गई, जबकि वैन के शीशे टूट गए और वह भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
हादसे के बाद वैन में सवार बच्चों में चीख-पुकार मच गई। सूचना पर पहुंचे स्थानीय लोगों ने कड़ी मशक्कत के बाद घायल बच्चों को वाहन से बाहर निकाला। दुर्घटना में आधा दर्जन से अधिक बच्चों के घायल होने की सूचना है। सभी घायलों को तत्काल नजदीकी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया, जहां चिकित्सकों के अनुसार सभी की हालत फिलहाल स्थिर है।
सूचना मिलते ही महराजगंज कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त कार को कब्जे में ले लिया। पुलिस घटना के कारणों की जांच कर रही है तथा आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित