रायबरेली , जून 12 -- उत्तर प्रदेश के रायबरेली जिले के लालगंज क्षेत्र में समरसेबल की बोरिंग के दौरान हाईटेंशन लाइन की चपेट में आने से एक श्रमिक की मौत हो गई, जबकि एक अन्य गंभीर रूप से झुलस गया। घायल को उपचार के लिए जिला अस्पताल रेफर किया गया है। पुलिस के अनुसार, घटना शुक्रवार अपराह्न करीब साढ़े चार बजे लोधीपुर उतरावां गांव में उस समय हुई, जब चार श्रमिक एक मकान में बोरिंग का कार्य कर रहे थे। इसी दौरान बोरिंग का लोहे का पाइप निकालते समय वह मकान के ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन विद्युत लाइन से छू गया, जिससे करंट फैल गया और मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

हादसे में भदोखर थाना क्षेत्र के बिन्होरा मीरंगंज निवासी गंगाराम (25) पुत्र रामचंद्र की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनके साथ काम कर रहा शुभम (18) पुत्र लाल खेंवर सिंह गंभीर रूप से झुलस गया। घटना के समय मौजूद अन्य दो श्रमिक धर्मेंद्र और ठाकुर बाल-बाल बच गए।

स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को तत्काल डलमऊ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने गंगाराम को मृत घोषित कर दिया। वहीं शुभम की गंभीर हालत को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।

सूचना मिलने पर डलमऊ पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने बताया कि मामले में अभी तक कोई लिखित शिकायत प्राप्त नहीं हुई है तथा आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित