रायबरेली , अप्रैल 13 -- उत्तर प्रदेश में रायबरेली जिले के सरेनी इलाके में सोमवार को भीषण आग लगने से करीब 15 बीघा खेत में खड़ी गेहूं की फसल जल कर राख हो गयी।
दमकल विभाग के सूत्रों ने बताया कि दुर्गापुर और बहादुरपुर के बीच हुये इस अग्निकांड में लगभग 10 बीघा गेहूं की खड़ी फसल और करीब पांच बीघा पराली जलकर राख हो गई। मिली जानकारी के अनुसार दोपहर करीब 12:53 बजे विभाग को आग लगने की सूचना प्राप्त हुई। प्रारंभिक तौर पर आशंका जताई जा रही है कि शार्ट सर्किट के कारण यह आग लगी। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की दो गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का प्रयास जारी है।
वहीं राजस्व विभाग की टीमें भी मौके पर पहुंचकर नुकसान का आंकलन करने में जुटी हैं। स्थानीय लोगों के अनुसार आग ने तेज हवा के चलते तेजी से विकराल रूप ले लिया, जिससे आसपास के खेत भी इसकी चपेट में आ गए। किसानों ने प्रशासन से शीघ्र राहत और उचित मुआवजे की मांग की है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित