रायबरेली , मार्च 02 -- उत्तर प्रदेश के रायबरेली जिले के हरचंदपुर थाना क्षेत्र में अवैध धर्म परिवर्तन के आरोप में पुलिस ने सात पुरुष और पांच महिलाओं समेत कुल 12 लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपितों के विरुद्ध उत्तर प्रदेश विधि विरुद्ध धर्म संपरिवर्तन प्रतिषेध अधिनियम 2021 के तहत मुकदमा दर्ज कर उन्हें न्यायालय में पेश किया जा रहा है। पुलिस सूत्रों के अनुसार ओमनगर, बछरावां निवासी ओम प्रकाश रावत की तहरीर पर थाना हरचंदपुर में धारा 351(3) बीएनएस तथा अधिनियम की धारा 3/5(1) के अंतर्गत दर्ज किया गया। विवेचना के दौरान साक्ष्यों के आधार पर 12 आरोपितों को गिरफ्तार किया गया।
गिरफ्तार आरोपितों में रामरती पत्नी हनुमान (ग्राम मुरारकपुर, थाना हरचंदपुर), काजल पासी पुत्री रामप्रकाश (धमधमा, थाना हरचंदपुर), मोनी पासी पुत्री रामाधीन (नरही, थाना महाराजगंज), सविता पत्नी मंशाराम (मुबारकपुर, थाना हरचंदपुर), सावित्री पत्नी राकेश (मुबारकपुर, थाना हरचंदपुर), संतलाल पासी पुत्र स्व. मिश्रीलाल (आईटीआई बालापुर, थाना मिल एरिया), रामसुमेर पुत्र रामलखन (अमावां, थाना मिल एरिया), धीरेंद्र कुमार पुत्र बुद्धीलाल पासी (सुल्तानपुर, थाना बछरावां), रामकिशोर पासी पुत्र स्व. रामकुमार (जेल पंप रोड, थाना महाराजगंज), रामसुमेर पुत्र जमुना प्रसाद (सकरामऊ, थाना गुरुबख्शगंज), अंकुश कुमार पासी पुत्र बुजलाल (भीटीहा, थाना महाराजगंज) तथा हिमांशु पासी पुत्र राकेश कुमार (पूरे सीताराम, थाना चंदापुर) शामिल हैं।
पुलिस के अनुसार पूछताछ में सामने आया कि आरोपित धार्मिक पुस्तकों का वितरण कर प्रार्थना सभाएं और भजन कार्यक्रम आयोजित करते थे। इन आयोजनों के माध्यम से लोगों को प्रभावित कर ईसाई धर्म अपनाने के लिए प्रेरित किया जाता था। पुलिस का दावा है कि धर्म परिवर्तन करने पर आर्थिक एवं अन्य सुविधाएं उपलब्ध कराने का प्रलोभन भी दिया जाता था।
पुलिस ने बताया कि मुख्य आरोपित रामरती के विरुद्ध वर्ष 2022 में भी थाना हरचंदपुर में इसी प्रकार का मुकदमा दर्ज किया गया था, जो न्यायालय में विचाराधीन है।
गिरफ्तार आरोपितों के कब्जे से पांच बाइबिल, दो धार्मिक पुस्तकें (नया जीवन भजन माला), चार ईसाई धर्म से संबंधित कैलेंडर, एक मंजीरा, एक ढोलक, एक पंपलेट, धर्म संबंधी उपदेश लिखे कागज तथा छह मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित