रायबरेली, 25 अक्टूबर 2026 (वार्ता)। कांग्रेस की रायबरेली जिला इकाई ने एक नवंबर को नई दिल्ली के रामलीला मैदान में आयोजित होने वाली 'दिल्ली चलो महारैली' में शामिल होने के लिए जिले के पार्टी नेताओं, पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचने का आह्वान किया है। रविवार को जिला कांग्रेस कार्यालय में आयोजित प्रेसवार्ता में जिलाध्यक्ष पंकज तिवारी ने आरोप लगाया कि मतदाता सूची में गड़बड़ियों और वोट चोरी के कारण लोकतंत्र कमजोर हो रहा है।

पंकज तिवारी ने कहा कि नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के नेतृत्व में देशभर में 'वोट बचाओ-देश बचाओ' अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में एक नवंबर को सुबह 10 बजे नयी दिल्ली के रामलीला मैदान में महारैली आयोजित की जाएगी। उन्होंने दावा किया कि रायबरेली से भी सैकड़ों कांग्रेस कार्यकर्ताओं के दिल्ली पहुंचने की संभावना है। उन्होंने पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं से अधिक से अधिक संख्या में महारैली में शामिल होने की अपील की।

जिलाध्यक्ष ने मतदाता सूची में कथित गड़बड़ियों का आरोप लगाते हुए कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण के दौरान कई मतदाताओं के नाम बदलने और एक ही पहचान संख्या पर दूसरे मतदाता का विवरण दिखाई देने जैसी शिकायतें सामने आई हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि इन गड़बड़ियों के आधार पर चुनाव आयोग ने तीन लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है, जिनमें दो एसडीएम और एक कंप्यूटर ऑपरेटर शामिल हैं। उन्होंने चुनाव आयोग और उसके प्रमुख ज्ञानेश कुमार की जवाबदेही पर भी सवाल उठाए।

पंकज तिवारी ने दावा किया कि वर्ष 2024 के लोकसभा चुनाव में कथित वोट चोरी के कारण कांग्रेस को कम से कम 70 सीटों पर हार का सामना करना पड़ा। उन्होंने कहा कि कुछ सीटों पर जीत-हार का अंतर 50 हजार से कम मतों का था। उनके अनुसार, ऐसी घटनाओं से लोकतांत्रिक व्यवस्था कमजोर होती है।

उन्होंने हाल ही में सामने आए एस्पेटिन प्रकरण का उल्लेख करते हुए केंद्रीय पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्री हरदीप सिंह पुरी की तस्वीरें सामने आने और महिलाओं के प्रति उनके कथित व्यवहार को लेकर सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि इस मामले में केंद्रीय मंत्री का नाम सामने आने के बाद भाजपा सरकार को जवाब देना चाहिए।

प्रेसवार्ता में जिला प्रवक्ता महताब आलम, शहर अध्यक्ष धीरज श्रीवास्तव, पूर्व विधायक अशोक सिंह, पूर्व विधानसभा प्रत्याशी हरचंदपुर सुरेंद्र विक्रम सिंह, ऊंचाहार के पूर्व प्रत्याशी अतुल सिंह, सरेनी की पूर्व प्रत्याशी सुषमा द्विवेदी और जिला उपाध्यक्ष विजयशंकर अग्निहोत्री सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित