रायपुर , अक्टूबर 14 -- छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर स्थित स्वामी विवेकानंद हवाई अड्डे पर मंगलवार शाम रनवे की मरम्मत के चलते विमान परिचालन प्रभावित रहा। इस दौरान दिल्ली और इंदौर से रायपुर आ रहे इंडिगो के दो विमानों को नागपुर की ओर मोड़ना पड़ा। दोनों विमानों में लगभग 140-140 यात्री सवार थे, जिन्हें निर्धारित समय से देरी से अपने गंतव्य तक पहुंचना पड़ा।
बुधवार को प्राप्त जानकारी के अनुसार, दिल्ली से रायपुर आ रही इंडिगो की उड़ान संख्या 6E 734 निर्धारित समय पर उतर नहीं सकी। विमान ने हवाई अड्डे के ऊपर कई चक्कर लगाए लेकिन रनवे पर मरम्मत कार्य के कारण उतरने की अनुमति नहीं मिल सकी। इसके बाद विमान को नागपुर भेज दिया गया। इसी दौरान इंदौर से रायपुर आने वाली इंडिगो की उड़ान संख्या 6E 813 का मार्ग भी बदलकर नागपुर कर दिया गया।
बताया गया है कि दिल्ली से आने वाले विमान में कांग्रेस के कुछ नेता भी यात्रा कर रहे थे। हालांकि, उनके नामों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी है। उड़ानों के अचानक मार्ग परिवर्तन से यात्रियों को असुविधा हुई और रायपुर पहुंचने के लिए अतिरिक्त इंतजार करना पड़ा।
भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण के अनुसार, हवाई अड्डे के रनवे पर पैचवर्क का कार्य किया जा रहा था। इसके चलते कुछ समय के लिए विमानों का उतरना प्रभावित हुआ। यात्रियों और विमानों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए दोनों उड़ानों को नागपुर भेजने का निर्णय लिया गया।
रनवे की मरम्मत पूरी होने के बाद रायपुर हवाई अड्डे पर विमानों का उतरना पुनः शुरू हुआ। शाम करीब सात बजे कोलकाता से आने वाले विमान की सफलतापूर्वक लैंडिंग हुई, जिसके बाद हवाई सेवाएं धीरे-धीरे सामान्य होने लगीं।
नागपुर भेजी गई इंदौर-रायपुर उड़ान संख्या 6E 813 रात आठ बजकर 50 मिनट पर रायपुर पहुंची। वहीं, दिल्ली से आने वाली उड़ान संख्या 6E 734 के रात करीब नौ बजकर 10 मिनट पर रायपुर पहुंचने की संभावना थी लेकिन वो भी देर से पहुंची ।
इस घटनाक्रम में किसी यात्री के घायल होने अथवा विमान को नुकसान पहुंचने की सूचना नहीं है। हालांकि, उड़ानों के मार्ग परिवर्तन और विलंब के कारण यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित