रायपुर , जनवरी 23 -- छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में शुक्रवार से रायपुर साहित्य उत्सव 2026 का भव्य शुभारंभ हो गया। "आदि से अनादि तक" की केंद्रीय थीम पर आधारित इस तीन दिवसीय साहित्यिक महोत्सव का उद्घाटन बसंत पंचमी के पावन अवसर पर अतिथियों द्वारा दीप प्रज्ज्वलन कर किया गया।

राजधानी में 23 से 25 जनवरी तक चलने वाला यह साहित्य उत्सव पुरखौती मुक्तांगन, नया रायपुर में आयोजित किया जा रहा है, जिसमें देशभर से आए 120 से अधिक प्रतिष्ठित साहित्यकार, कवि, लेखक, पत्रकार, शिक्षाविद और विचारक सहभागिता कर रहे हैं।

उद्घाटन समारोह में राज्यसभा के उपसभापति हरिवंश, मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, उपमुख्यमंत्री अरुण साव, प्रख्यात अभिनेता और निर्देशक मनोज जोशी, वर्धा विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. कुमुद शर्मा के अलावा जनप्रतिनिधि, वरिष्ठ साहित्यकार और बड़ी संख्या में साहित्यप्रेमी उपस्थित रहे।

अतिथियों ने माँ सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर उत्सव का विधिवत शुभारंभ किया।

इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि रायपुर साहित्य उत्सव केवल साहित्यिक आयोजन नहीं, बल्कि संस्कृति, लोकतांत्रिक मूल्यों और वैचारिक संवाद का सशक्त मंच है, जो समाज को नई दिशा देने का कार्य करता है। उत्सव के दौरान कुल 42 साहित्यिक सत्र आयोजित किए जाएंगे, जिनमें कविता पाठ, कथा-विमर्श, आलोचना, लोकतंत्र और समाज, डिजिटल युग में साहित्य, सिनेमा, पत्रकारिता और युवा रचनात्मकता जैसे विषयों पर गहन संवाद होगा।

आयोजन में 10 हजार से अधिक पुस्तकों का प्रदर्शन और विक्रय, पुस्तक मेला, ओपन टैलेंट मंच, चित्रकला कार्यशाला, नाट्य मंचन और सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ भी आकर्षण का केंद्र रहेंगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित