रायपुर , अप्रैल 16 -- ) छत्तीसगढ़ के रायपुर रेल मंडल में ट्रेनों के सुरक्षित परिचालन और आधारभूत संरचना के सुदृढ़ीकरण को लेकर लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। इसी क्रम में जहां एक ओर तिल्दा-नेवरा स्टेशन में संरक्षा संगोष्ठी का आयोजन किया गया, वहीं दूसरी ओर कचना रेलवे लेवल क्रॉसिंग को मरम्मत कार्य के लिए अस्थायी रूप से बंद रखने का निर्णय लिया गया है।
दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के रायपुर मंडल द्वारा 16 अप्रैल को तिल्दा-नेवरा स्टेशन में आयोजित संरक्षा संगोष्ठी में परिचालन, विद्युत, सिग्नल एवं दूरसंचार तथा इंजीनियरिंग विभाग के कर्मचारियों ने भाग लिया। संगोष्ठी में ट्रेनों के सुरक्षित संचालन से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। इसमें स्पैड से बचाव, स्वचालित सिग्नलिंग विफल होने की स्थिति में अपनाई जाने वाली प्रक्रियाएं, शंटिंग के दौरान सावधानियां, पायलट इन-पायलट आउट के नियम, प्वाइंट्स एवं सिग्नल विफलता की स्थिति में आवश्यक कदम, गर्मी के मौसम में कार्यस्थल पर सुरक्षा उपाय, प्राथमिक उपचार और अग्निशामक यंत्रों के उपयोग का प्रदर्शन शामिल रहा।
इस अवसर पर वरिष्ठ मंडल संरक्षा अधिकारी सुरेश चंद्र और सहायक मंडल संरक्षा अधिकारी प्रवीण कुमार सहित संरक्षा सलाहकारों ने कर्मचारियों को जागरूक करते हुए सुरक्षा मानकों के पालन पर विशेष जोर दिया। रेलवे द्वारा कर्मचारियों में सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से प्रत्येक माह विभिन्न स्टेशनों पर नियमित रूप से इस तरह की संगोष्ठियों का आयोजन किया जाता है।
वहीं, रेल अधोसंरचना के रखरखाव के तहत रायपुर रेल मंडल के आर.वी.एच.-मंदिरहसौद खंड के बीच स्थित कचना रेलवे लेवल क्रॉसिंग क्रमांक आर.वी.-07 (कि.मी. 05/27-29, अप लाइन) को आवश्यक मरम्मत कार्य के चलते 17 अप्रैल 2026 की रात 8 बजे से 18 अप्रैल 2026 की सुबह 9 बजे तक बंद रखा जाएगा।
रेलवे प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि इस अवधि में आवागमन के लिए वीआईपी रेलवे क्रॉसिंग (आर.वी.-06) पर स्थित ओवरब्रिज का उपयोग करें, ताकि किसी प्रकार की असुविधा से बचा जा सके।
रेल मंडल द्वारा उठाए जा रहे ये कदम यात्रियों की सुरक्षा और सुगम रेल संचालन सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण माने जा रहे हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित