रायपुर , मार्च 13 -- दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के रायपुर रेल मंडल में ट्रेनों के सुरक्षित परिचालन और कर्मचारियों में संरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से शुक्रवार को रायपुर स्टेशन स्थित कर्मचारी विश्राम गृह में संरक्षा संगोष्ठी का आयोजन किया गया। यह संगोष्ठी मंडल के संरक्षा विभाग द्वारा आयोजित की गई, जिसमें परिचालन, विद्युत परिचालन, यांत्रिक और इंजीनियरिंग विभाग के कर्मचारियों ने भाग लिया।
संगोष्ठी में ट्रेनों के संचालन के दौरान अपनाई जाने वाली महत्वपूर्ण सावधानियों पर विस्तार से चर्चा की गई। इसमें स्पैड से बचाव, ऑटोमेटिक सिग्नलिंग फेल होने की स्थिति में दी जाने वाली प्राधिकार और चालक द्वारा बरती जाने वाली सावधानियां, शंटिंग के दौरान सुरक्षा उपाय, ट्रेन में इंजन को जोड़ने और अलग करने की प्रक्रिया जैसे विषय शामिल रहे।
इसके अलावा इंजीनियरिंग विभाग द्वारा गर्मी के मौसम में बरती जाने वाली सावधानियों, ट्रेन में आग लगने की स्थिति में लोको पायलट, सहायक लोको पायलट और ट्रेन मैनेजर की जिम्मेदारियों पर भी जानकारी दी गई। कर्मचारियों को प्राथमिक उपचार पेटी के उपयोग और अग्निशामक यंत्र के इस्तेमाल का व्यावहारिक प्रदर्शन भी कराया गया।
संगोष्ठी में वरिष्ठ मंडल संरक्षा अधिकारी सुरेश चन्द्र और सहायक मंडल संरक्षा अधिकारी प्रवीण कुमार सहित संरक्षा सलाहकारों ने कर्मचारियों को महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश दिए।
रेलवे प्रशासन के अनुसार रायपुर मंडल में कर्मचारियों में संरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए प्रत्येक माह अलग-अलग स्टेशनों पर दो संरक्षा संगोष्ठियों का आयोजन किया जाता है।
इस संगोष्ठी में संरक्षा सलाहकारों, सुपरवाइजरों और फील्ड कर्मचारियों सहित कुल 46 लोगों ने भाग लिया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित