रायपुर , अप्रैल 27 -- छत्तसीगढ़ की राजधानी रायपुर में पुलिस ने सोमवार को एक बड़े वित्तीय अपराध का पर्दाफाश करते हुए 50 लाख रुपये गबन करने वाले ड्राइवर कृष्णा साहू समेत कुल 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से गबन की नगदी राशि 49,50,000 रुपये, एमजी विंडसर कार और घटना में प्रयुक्त वर्ना कार जब्त की गई। जब्त संपत्ति की कुल कीमत लगभग 66,50,000 रुपये है।
जानकारी के अनुसार, घटना 25 अप्रैल 2026 को दोपहर लगभग 3:30 बजे हुई। प्रार्थी अखिलेश ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि उनके जीजा उमेश अग्रवाल शहर से बाहर थे। उसी दिन, कंपनी के ड्राइवर कृष्णा साहू और एकाउंटेंट भूपेन्द्र देवांगन कचना रायपुर से करीब 50 लाख रुपये लेकर निवास की ओर जा रहे थे। रास्ते में कृष्णा साहू ने भूपेन्द्र देवांगन को गुटखा लेने के बहाने कार से उतार दिया और नगदी सहित कार लेकर फरार हो गया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित