रायपुर , जून 26 -- छत्तीसगढ़ के रायपुर जिले में 29 जून से छह जुलाई तक सहकारी सप्ताह का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम का उद्देश्य सहकारिता के माध्यम से ग्रामीण एवं कृषि अर्थव्यवस्था को सशक्त बनाना, सहकारी संस्थाओं का विस्तार करना तथा आमजन को सहकारी योजनाओं से जोड़ना है।

जिला सहकारी संघ एवं उपायुक्त सहकारिता कार्यालय द्वारा शुक्रवार को विज्ञप्ति में यह जानकारी दी। विज्ञप्ति के अनुसार प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह तथा प्रदेश के सहकारिता मंत्री केदार कश्यप के मार्गदर्शन और "सहकार से समृद्धि" की परिकल्पना के अनुरूप कलेक्टर गौरव सिंह के निर्देशन में सहकारी सप्ताह आयोजित किया जाएगा।

सप्ताहभर चलने वाले कार्यक्रमों में प्राथमिक कृषि साख सहकारी समितियों (पैक्स), मत्स्य सहकारी समितियों, किसान उत्पादक संगठनों (एफपीओ), महिला स्व-सहायता समूहों तथा अन्य सहकारी संस्थाओं की सहभागिता रहेगी। इस दौरान सदस्यता विस्तार अभियान, सहकारिता जागरूकता कार्यक्रम, कार्यशालाएं, स्वास्थ्य शिविर, वृक्षारोपण, स्वच्छता अभियान, मॉडल पैक्स भ्रमण, जनऔषधि केंद्रों में स्वास्थ्य परीक्षण तथा सहकारी उपलब्धियों के प्रचार-प्रसार जैसे कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

विज्ञप्ति के अनुसार उत्कृष्ट सहकारी संस्थाओं एवं सहकारिता क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले व्यक्तियों का सम्मान भी किया जाएगा। साथ ही शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी आमजन तक पहुंचाने के लिए विशेष अभियान चलाया जाएगा।

सहकारी सप्ताह के समापन अवसर पर कृषि मंडपम, रायपुर में राज्य स्तरीय कार्यक्रम आयोजित होगा, जिसमें सहकारिता क्षेत्र की उपलब्धियों और नवाचारों का प्रदर्शन किया जाएगा तथा उत्कृष्ट संस्थाओं एवं व्यक्तियों को सम्मानित किया जाएगा।

जिला सहकारी संघ ने किसानों, महिला समूहों, युवाओं तथा आम नागरिकों से सहकारी सप्ताह के विभिन्न कार्यक्रमों में सक्रिय भागीदारी करने की अपील की है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित