रायपुर , अक्टूबर 15 -- छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में 16 अक्टूबर को जिला स्तरीय रोजगार मेले का आयोजन किया जाएगा। इसमें छह निजी कंपनियों के माध्यम से कुल 426 रिक्त पदों पर भर्ती की जाएगी। चयनित अभ्यर्थियों को योग्यता और पद के अनुसार अधिकतम 30 हजार रुपये प्रतिमाह तक वेतन मिलेगा।
जिला रोजगार एवं स्वरोजगार मार्गदर्शन केंद्र की ओर से यह रोजगार मेला बैरन बाजार स्थित शासकीय कन्या पॉलिटेक्निक महाविद्यालय में शुक्रवार को सुबह 11 बजे से दोपहर तीन बजे तक आयोजित किया जाएगा।
जिला रोजगार एवं स्वरोजगार मार्गदर्शन केंद्र की उपसंचालक पुष्पा चौधरी ने बताया कि मेले में एलएक्सईआर कम्युनिकेशंस प्राइवेट लिमिटेड, आईकैमेट एचआर इंडिया प्राइवेट लिमिटेड, आरएस इंक., शांता टेक्नो प्राइवेट लिमिटेड, एसएल फाइनेंशियल सर्विसेज एंड कंसल्टेंसी प्राइवेट लिमिटेड तथा इंडिया हेल्प पॉइंट डॉट कॉम सहित छह कंपनियां भाग लेंगी।
उन्होंने बताया कि भर्ती प्रक्रिया में आठवीं, दसवीं, बारहवीं और स्नातक उत्तीर्ण अभ्यर्थियों के अलावा आईटीआई, डिप्लोमा तथा इंजीनियरिंग की योग्यता रखने वाले युवाओं को भी अवसर मिलेगा।
इच्छुक अभ्यर्थियों को छत्तीसगढ़ रोजगार ऐप के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन करना होगा। रोजगार मेले में शामिल होने के दौरान रोजगार पंजीयन प्रमाणपत्र, आधार कार्ड, बायोडाटा तथा शैक्षणिक एवं तकनीकी योग्यता संबंधी दस्तावेजों की छायाप्रति साथ लाना अनिवार्य है।
रोजगार विभाग के अनुसार, अभ्यर्थियों और नियोजक कंपनियों के लिए मेले में भागीदारी पूरी तरह निःशुल्क रहेगी। रिक्त पदों, आवश्यक योग्यता, वेतनमान और कार्यस्थल से संबंधित विस्तृत जानकारी विभाग की आधिकारिक वेबसाइट , छत्तीसगढ़ रोजगार ऐप अथवा जिला रोजगार कार्यालय, रायपुर से प्राप्त की जा सकती है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित