रायपुर , जून 15 -- छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के निर्देश पर संचालित 'प्रोजेक्ट पुनर्जीवन' के तहत रायपुर में पेड़ों के संरक्षण और उनके बेहतर विकास के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह ने सोमवार को कलेक्टोरेट परिसर में स्थित पेड़ों के चारों ओर से स्वयं कांक्रीट हटाकर सिंचाई के लिए गड्ढे तैयार करवाये।

आधिकारिक जानकारी के अनुसार इस पहल का उद्देश्य पेड़ों की जड़ों तक पर्याप्त पानी पहुंचाना और उनके प्राकृतिक विकास को सुनिश्चित करना है। कलेक्टर ने आम जनता से भी इस अभियान में सहभागी बनने का आग्रह किया।

जनसंपर्क विभाग के अनुसार नगर निगम के जोन क्रमांक 4 में अब तक करीब 50 पेड़ों के आसपास से कांक्रीट हटाई जा चुकी है। निगम आयुक्त संबित मिश्रा के मार्गदर्शन में अन्य क्षेत्राें में भी इसी प्रकार की कार्रवाई की जा रही है।

इस अवसर पर अपर कलेक्टर कीर्तिमान सिंह राठौर, एडीएम उमाशंकर बंदे तथा जोन कमिश्नर दिव्या चंद्रवंशी मौजूद रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित