रायपुर , मार्च 20 -- छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में फिल्म 'केडी: द डेविल' के एक गाने को लेकर विवाद गहरा गया है। हाल ही में जारी गीत 'सरके चुनर तेरी सरके' पर अश्लीलता के आरोप लगाते हुए स्थानीय अधिवक्ता अनुराग गुप्ता ने शुक्रवार को पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है।

मामले में सिविल लाइन्स थाने में दी गई शिकायत में गाने के बोल और दृश्य को समाज के नैतिक मूल्यों के विपरीत बताया गया है। शिकायतकर्ता का आरोप है कि गीत में आपत्तिजनक और दोहरे अर्थ वाले शब्दों का प्रयोग किया गया है, जो सार्वजनिक रूप से प्रसारित किए जाने योग्य नहीं हैं।

शिकायत में अभिनेत्री नोरा फतेही, अभिनेता संजय दत्त के साथ गीत से जुड़े अन्य क्रिएटर्स के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की गई है।

इससे पूर्व में भी विवाद बढ़ने के बाद नोरा फतेही ने अपनी सफाई में सोशल मीडिया में कहा था कि यह गाना उन्होंने करीब तीन साल पहले कन्नड़ भाषा में शूट किया था। उनके अनुसार, मूल संस्करण और वर्तमान हिंदी प्रस्तुति में अंतर है, और हिंदी वर्जन उनकी अनुमति के बिना जारी किया गया। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि उनके एआई आधारित विजुअल्स का उपयोग बिना सहमति किया गया।

अभिनेत्री ने सोशल मीडिया के माध्यम से स्पष्ट किया कि गाने के रिलीज और विवाद की जानकारी उन्हें बाद में मिली। उन्होंने कहा कि हिंदी संस्करण देखकर वह स्वयं भी आश्चर्यचकित रह गईं।

इस बीच बढ़ते विवाद को देखते हुए मेकर्स ने गाने के हिंदी संस्करण को यूट्यूब से हटा दिया है। अब संबंधित लिंक पर वीडियो उपलब्ध नहीं है, जबकि अन्य भाषाओं-कन्नड़, तमिल, तेलुगू और मलयालम-में यह गीत अभी भी देखा जा सकता है।

फिलहाल इस मामले में पुलिस की ओर से जांच की प्रक्रिया जारी है और शिकायत पर आगे की कार्रवाई की संभावना जताई जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित