रायपुर , जुलाई 23 -- छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के सिविल लाइन थाना क्षेत्र में एक चार्टर्ड अकाउंटेंट (सीए) के कार्यालय से 7.80 लाख रुपये की चोरी के मामले का पुलिस ने वारदात के लगभग 30 घंटे के भीतर गुरुवार को खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की पूरी राशि भी बरामद कर ली है।
पुलिस के अनुसार, सुंदर नगर निवासी अपर्णा नायक ने सिविल लाइन थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि वह तारवानी एंड एसोसिएट्स में कैशियर हैं। 21 जुलाई की सुबह कार्यालय पहुंचने पर कैश काउंटर का ताला कटर से टूटा हुआ मिला और उसमें रखे 7.80 लाख रुपये गायब थे। शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
पुलिस उपायुक्त स्मृतिक राजनाला और तारकेश्वर पटेल के निर्देशन में एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट तथा सिविल लाइन थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। जांच के दौरान सीसीटीवी फुटेज का विश्लेषण किया गया, कार्यालय के वर्तमान एवं पूर्व कर्मचारियों से पूछताछ की गई तथा मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया गया।
जांच के दौरान संदेह कार्यालय के पूर्व कर्मचारी उमेश पोर्ते पर गया, जिसे कार्यालय में रखी नकदी और वहां की व्यवस्था की पूरी जानकारी थी। पुलिस ने उसे बिलासपुर से हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें उसने अपने साथी लक्ष्मीनारायण ध्रुव के साथ मिलकर चोरी की वारदात को अंजाम देने की बात स्वीकार की। इसके बाद दूसरे आरोपी को भी गिरफ्तार कर लिया गया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित