रायपुर , अक्टूबर 05 -- छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में सात और आठ अक्टूबर को राज्य स्तरीय रोजगार मेले का आयोजन किया जाएगा, जिसमें तकनीकी और गैर-तकनीकी क्षेत्रों के आठ हजार से अधिक रिक्त पदों पर युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए जाएंगे।
कौशल विकास, तकनीकी शिक्षा एवं रोजगार विभाग की ओर से बलबीर सिंह जुनेजा इंडोर स्टेडियम में आयोजित रोजगार मेले में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय मुख्य अतिथि होंगे, जबकि कौशल विकास, तकनीकी शिक्षा एवं रोजगार मंत्री गुरु खुशवंत साहेब कार्यक्रम की अध्यक्षता करेंगे।
विभागीय सचिव डॉ. बसवराजू एस. ने बताया कि रोजगार मेले में प्रदेश के बड़े उद्योगों और निजी प्रतिष्ठानों की अधिकाधिक भागीदारी सुनिश्चित की जा रही है। इसका उद्देश्य विभिन्न क्षेत्रों में उपलब्ध रिक्त पदों के लिए युवाओं को सीधे रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराना है।
उन्होंने बताया कि इच्छुक युवा ई-रोजगार पोर्टल पर उपलब्ध रिक्तियों की जानकारी प्राप्त करने के साथ ही रोजगार मेले के लिए अपना पंजीयन करा सकते हैं। राज्य एवं जिला स्तरीय रोजगार मेलों में चयनित आवेदकों को कार्यक्रम के दौरान नियुक्ति प्रस्ताव पत्र प्रदान करने की भी तैयारी की गई है।
रोजगार मेले में युवाओं को विभिन्न उद्योगों और निजी प्रतिष्ठानों में उपलब्ध रोजगार के अवसरों की जानकारी दी जाएगी। अभ्यर्थी अपनी शैक्षणिक एवं तकनीकी योग्यता के अनुरूप रिक्त पदों के लिए आवेदन भी कर सकेंगे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित