रायपुर , जून 20 -- छत्तीसगढ़ के रायपुर जिले में अभनपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत सिवनीकला गांव में सड़क निर्माण कार्य के दौरान हुए हादसे में महिला की मौत के बाद ग्रामीणों का आक्रोश फूट पड़ा। घटना से नाराज लोगों ने निर्माण कार्य में लगे ग्रेडर वाहन को आग के हवाले कर दिया तथा दोषियों के खिलाफ कार्रवाई और पीड़ित परिवार को मुआवजा देने की मांग को लेकर विरोध प्रदर्शन किया।

पुलिस के अनुसार, शुक्रवार की रात सिवनीकला गांव में सड़क निर्माण अथवा मरम्मत का कार्य चल रहा था। इसी दौरान घर के बाहर खड़ी एक महिला ग्रेडर वाहन की चपेट में आ गयी। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक वाहन चालक ने कथित रूप से लापरवाही से मशीन चलाते हुए महिला को टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई और उसकी मौके पर ही मृत्यु हो गयी।

घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर एकत्र हो गए। ग्रामीणों ने ठेकेदार और मशीन चालक पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। उनका आरोप था कि निर्माण कार्य के दौरान सुरक्षा मानकों का पालन नहीं किया गया, जिसके कारण महिला की जान गयी।

स्थिति उस समय और तनावपूर्ण हो गई जब आक्रोशित ग्रामीणों ने घटनास्थल पर खड़े ग्रेडर वाहन में आग लगा दी। देखते ही देखते वाहन आग की लपटों में घिर गया। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल बन गया और पुलिस की कार्यप्रणाली को लेकर भी लोगों में नाराजगी देखी गयी।

इसके बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण अभनपुर थाने पहुंचे और वहां प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने संबंधित चालक और ठेकेदार के खिलाफ कड़ी कार्रवाई तथा मृतका के परिजनों को उचित मुआवजा देने की मांग की।

सूचना मिलने पर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे तथा ग्रामीणों को निष्पक्ष जांच और आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। अभनपुर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित