रायपुर , मार्च 09 -- छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में सड़क दुर्घटनाओं पर नियंत्रण और नशे की हालत में वाहन चलाने वालों पर अंकुश लगाने के लिए यातायात पुलिस लगातार सख्त कार्रवाई कर रही है।
पुलिस उपायुक्त यातायात एवं प्रोटोकॉल विकास कुमार के निर्देशन में चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पिछले दस दिनों के दौरान शहर के विभिन्न चौक-चौराहों पर व्यापक जांच अभियान चलाया गया, जिसमें 614 वाहन चालकों को नशे की हालत में वाहन चलाते हुए पकड़ा गया।
यातायात पुलिस की ओर से आठ मार्च को तेलीबांधा थाना क्षेत्र में भी विशेष जांच अभियान चलाया गया। इस दौरान छह अलग-अलग स्थानों पर जांच की गई, जिसमें 86 वाहन चालक शराब के नशे में वाहन चलाते पाए गए। जांच के दौरान कई महंगी कारें भी पुलिस की कार्रवाई की जद में आईं, जिनमें ऑडी और बीएमडब्ल्यू जैसी लग्जरी गाड़ियां शामिल हैं।
पुलिस के अनुसार रायपुर में हर वर्ष सड़क दुर्घटनाओं में लगभग 600 लोगों की मौत हो जाती है। इनमें कई मामलों में दुर्घटनाओं का प्रमुख कारण शराब के नशे में वाहन चलाना सामने आता है। इसी कारण यातायात पुलिस द्वारा नियमित रूप से विशेष अभियान चलाकर ऐसे लापरवाह वाहन चालकों पर सख्त कार्रवाई की जा रही है।
यातायात पुलिस ने शहरवासियों से अपील करते हुए कहा है कि वे नशे की हालत में वाहन न चलाएं और तेज रफ्तार से बचें। सुरक्षित यात्रा के लिए यातायात नियमों का पालन करना जरूरी है, जिससे स्वयं और अन्य लोगों की जान सुरक्षित रखी जा सके।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित