रायपुर , मार्च 27 -- चैत्र नवरात्रि के पावन अवसर पर छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर शांति नगर स्थित श्री राम मंदिर समिति द्वारा श्रीराम नवमी के उपलक्ष्य में भव्य धार्मिक आयोजन का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लेकर भगवान श्रीराम की भक्ति का लाभ उठाया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि मंत्री टंक राम वर्मा ने अपने संबोधन में कहा कि श्रीराम का जीवन केवल एक कथा नहीं, बल्कि आदर्शों का संपूर्ण मार्ग है। उन्होंने कहा कि इस पावन अवसर पर सभी को सत्य, साहस और दया के मार्ग पर चलने का संकल्प लेना चाहिए। उन्होंने 'रामराज्य' की अवधारणा को अपनाने का आह्वान करते हुए कहा कि ऐसा समाज बने, जहां सभी सुखी हों और कोई भी दुखी न रहे।

कार्यक्रम के संयोजक संजय श्रीवास्तव ने श्रीराम नवमी की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह पर्व सत्य, धर्म, त्याग और मर्यादा का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम का जीवन हमें विपरीत परिस्थितियों में भी धर्म के मार्ग पर चलने तथा समाज और परिवार के प्रति अपने कर्तव्यों का पालन करने की प्रेरणा देता है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित