रायपुर , मई 11 -- ) छत्तीसगढ़ के रायपुर में एक शादी समारोह के दौरान खुलेआम हर्ष फायरिंग का मामला सोमवार को सामने आया।

इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें हथियारों के प्रदर्शन और गोलीबारी करते देखा जा सकता है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह मामला रायपुर में हुए एक विवाह समारोह का है और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नेता मोनिका सिंह के भाई प्रतीक की शादी से जुड़ा बताया जा रहा है। वायरल वीडियो में श्रीमती सिंह के पति ऋतुपर्ण सिंह के साथ कुछ लोग हवाई फायरिंग करते नजर आ रहे हैं। वीडियो में बच्चे, लड़कियां और महिलाएं भी हथियारों के साथ दिखाई दे रही हैं। समारोह में डीजे और फिल्मी गानों के बीच कथित तौर पर हथियारों का प्रदर्शन और रील भी बनाई गई।बताया जा रहा है कि इस दौरान 'धुरंधर' फिल्म के गाने पर रील बनाकर वीडियो सोशल मीडिया पर पोस्ट किया गया, जिसके बाद मामला चर्चा में आ गया।

सूत्रों के मुताबिक, ऋतुपर्ण सिंह बिलासपुर में चतुर्थ श्रेणी के शासकीय कर्मचारी हैं। उनकी पत्नी मोनिका सिंह भारतीय जनता पार्टी से जुड़ी हुई हैं और वर्तमान में मंडी सदस्य के पद पर कार्यरत हैं।

इस घटना को लेकर कांग्रेस ने प्रदेश की कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा है कि राज्य में कानून-व्यवस्था की स्थिति बिगड़ रही है और सरकार को इस पर सख्त कदम उठाने चाहिए।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि अब तक इस मामले में कोई औपचारिक शिकायत प्राप्त नहीं हुई है, लेकिन वायरल वीडियो को देखते हुए पूरे मामले की जांच कराई जाएगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित