रायपुर , अप्रैल 10 -- छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के उरला थाना क्षेत्र से हत्या का सनसनीखेज मामला शुक्रवार को सामने आया, जहां महज 150 रुपये के शराब विवाद में एक युवक की हत्या कर दी गई। आरोपी कोई और नहीं बल्कि मृतक का जीजा है।पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार आरोपी गोप सिंह और मृतक घनश्याम आपस में जीजा-साला थे तथा दोनों पालसीपानी कोमा खान क्षेत्र के निवासी हैं। दोनों कुम्हारी स्थित एक ईंट भट्ठे में मजदूरी का काम करते थे। गत आठ अप्रैल को दोनों सिल्तरा क्षेत्र की एक दुकान में शराब पीने गए थे। लौटते समय गोप सिंह ने घनश्याम को 150 रुपये देकर शराब लाने भेजा लेकिन घनश्याम ने उक्त राशि से स्वयं ही शराब पी ली।

इस बात से नाराज होकर आरोपी ने हत्या की योजना बना ली। अगले दिन गुरुवार को दोनों खारुन नदी नहाने गए, जहां मौके का फायदा उठाते हुए आरोपी ने पहले घनश्याम को धक्का देकर गिराया और फिर गमछे से गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। फिलहाल पुलिस मामले की विस्तृत जांच में जुटी हुई है।

इधर, राजधानी में लगातार बढ़ रही हत्या और चाकूबाजी की घटनाओं ने कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित