रायपुर , मई 13 -- छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में विस्फोटक सामग्री और बम निर्माण से जुड़े संदिग्ध सामान मिलने के मामले में पुलिस ने फरार आरोपी को गिरफ्तार किया है, जिसका खुलासा बुधवार को पुलिस ने किया।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान विनय देवांगन के रूप में हुई है। मामले में पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां उससे पूछताछ कर रही हैं।

पुलिस के अनुसार, खमतराई थाना क्षेत्र के रावाभाठा इलाके में एक संदिग्ध बैग मिलने की सूचना के बाद गत गुरुवार को इलाके में अफरा-तफरी की स्थिति बन गई थी। सूचना मिलते ही पुलिस, बम निरोधक दस्ता (बीडीडीएस) तथा फॉरेंसिक विशेषज्ञों की टीम मौके पर पहुंची और क्षेत्र की घेराबंदी कर जांच शुरू की गई।

प्रारंभिक जांच में बैग से लो-इंटेंसिटी विस्फोटक सामग्री तथा बम निर्माण में प्रयुक्त होने वाले कुछ उपकरण बरामद होने की पुष्टि हुई। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और अन्य सुरागों के आधार पर जांच तेज की।

जांच के दौरान पुलिस ने मुख्य आरोपी विनय देवांगन को मंगलवार को हिरासत में लेकर गिरफ्तार कर लिया। आरोपी से वरिष्ठ अधिकारियों की निगरानी में पूछताछ की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि बरामद सामग्री का उपयोग किस उद्देश्य से किया जाना था और इस मामले में अन्य लोगों की संलिप्तता तो नहीं है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित