रायपुर , मार्च 27 -- छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के गुढ़ियारी थाना क्षेत्र में एक 36 वर्षीय विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। महिला का शव घर के कमरे में फांसी के फंदे पर लटका मिला, जिससे इलाके में सनसनी फैल गई।

पुलिस के अनुसार मृतका की पहचान पिंकी गुप्ता के रूप में हुई है। घटना अंबेडकर चौक क्षेत्र की है, जहां गुरुवार रात परिजनों ने कमरे में जाकर देखा तो महिला का शव पंखे से लटका हुआ था। परिजन तत्काल उसे नीचे उतारकर मेकाहारा अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

प्रारंभिक जांच में पुलिस को आत्महत्या की आशंका है, हालांकि मौत के कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए घटनास्थल को सील कर दिया है।

पुलिस ने बताया कि मृतका का पति सुरेश गुप्ता फेरी लगाकर बर्तन बेचने का काम करता है और मूल रूप से उत्तर प्रदेश के गाजीपुर का निवासी है। दंपति लंबे समय से रायपुर में रह रहे थे।

जांच के दौरान यह तथ्य सामने आया है कि दंपति की शादी को कई वर्ष हो चुके थे, लेकिन उनकी कोई संतान नहीं थी, जिससे वे मानसिक रूप से परेशान थे। इस पहलू को भी पुलिस जांच में शामिल किया गया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित