रायपुर , अगस्त 03 -- छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के जयस्तंभ चौक स्थित रिलायंस ज्वेल्स शोरूम में 22 कैरेट सोने के कंगन गायब होने का मामला सामने आया है। शोरूम प्रबंधन की शिकायत पर गोलबाजार थाना पुलिस ने पूर्व सेल्स स्टाफ मनोज यादव के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आरोप है कि असली सोने के कंगनों की जगह नकली कंगन रखकर स्टॉक में हेरफेर की गई।

गोलबाजार थाना प्रभारी स्वराज त्रिपाठी ने आज बताया कि स्टोर मैनेजर आरिफ खान की शिकायत पर प्रकरण दर्ज किया गया है। शिकायत के अनुसार, 9 जुलाई 2026 को कंगन काउंटर के स्टॉक का मिलान करने के दौरान तीन सेट यानी पांच नग 22 कैरेट सोने के कंगनों की जगह नकली कंगन पाए गए।

पुलिस के अनुसार, गायब हुए असली कंगनों का कुल वजन 103.832 ग्राम है, जिनकी अनुमानित कीमत करीब 17.50 लाख रुपए बताई गई है। शोरूम की आंतरिक जांच में तत्कालीन सेल्स स्टाफ मनोज यादव की भूमिका संदिग्ध सामने आई। जांच में पाया गया कि संबंधित काउंटर की जिम्मेदारी उसी के पास थी।

शिकायत के आधार पर कंपनी ने सीसीटीवी फुटेज, स्टॉक रिकॉर्ड और अन्य दस्तावेजों की जांच के बाद पुलिस को सूचना दी। आरोप है कि मनोज यादव ने बिना निर्धारित प्रक्रिया के हैंडओवर किए नौकरी छोड़ दी थी।

जांच में सामने आया कि मनोज यादव ने 6 जुलाई 2026 को कंपनी के पोर्टल पर इस्तीफा दिया था और 7 जुलाई को अपना अंतिम कार्य दिवस बताया था। हालांकि, वह 2 जुलाई के बाद से ही स्टोर नहीं पहुंचा। उसने मां की तबीयत खराब होने का कारण बताकर छुट्टी ली थी और इसके बाद बिना सही तरीके से हैंडओवर किए नौकरी छोड़ दी। कंपनी की ओर से संपर्क करने के प्रयास किए गए, लेकिन वह वापस नहीं लौटा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित