रायपुर , अक्टूबर 08 -- छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के आमानाका थाना क्षेत्र के चंदनडीह स्थित यूनियन बैंक ऑफ इंडिया की शाखा में अज्ञात व्यक्ति द्वारा सेंधमारी का प्रयास किए जाने का मामला सामने आया है। बैंक में प्रवेश करने वाले आरोपी ने शाखा प्रबंधक के केबिन सहित कई स्थानों पर तोड़फोड़ की। बैंक के स्ट्रांग रूम का ताला भी क्षतिग्रस्त किया गया है। बैंक प्रबंधन की शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस ने गुरुवार को कहा कि बैंक शाखा प्रबंधक गणेश मिश्रा ने शिकायत में बताया कि पांच अक्टूबर को नियमित कामकाज समाप्त होने के बाद शाम करीब सात बजे बैंक बंद किया गया था। अगले दिन छह अक्टूबर को सुबह करीब 9.30 बजे कर्मचारी दानिश खान शाखा खोलने पहुंचे तो शाखा प्रमुख के केबिन के प्रवेश द्वार का ताला टूटा हुआ और शटर क्षतिग्रस्त मिला।
घटना की जानकारी मिलने पर शाखा प्रबंधक गणेश मिश्रा बैंक पहुंचे और परिसर का निरीक्षण किया। इस दौरान एक खिड़की का कांच भी टूटा हुआ पाया गया। प्रारंभिक तौर पर आशंका जताई जा रही है कि अज्ञात आरोपी ने ताला तोड़ने के बाद खिड़की का कांच तोड़कर बैंक परिसर में प्रवेश किया।
निरीक्षण में शाखा प्रबंधक के केबिन के अलावा चेकबुक ड्रॉप बॉक्स और टेबल की दराज खुली एवं क्षतिग्रस्त मिलीं। बैंक में लगे कंप्यूटर की स्क्रीन और मॉनिटर को भी नुकसान पहुंचाया गया था। इसके अतिरिक्त नकदी रखने के लिए बनाए गए स्ट्रांग रूम का ताला तोड़ने का प्रयास किए जाने के संकेत मिले हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित