रायपुर, अप्रैल 16 -- छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के डीडी नगर थाना क्षेत्र में एक सनसनीखेज मामले का खुलासा हुआ है, जहां मोबाइल को लेकर हुए घरेलू विवाद के बाद मां-बेटी और एक नाबालिग ने मिलकर पिता की हत्या कर दी। पुलिस ने इस मामले में तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पूरे मामले का खुलासा आज पुलिस ने किया ।
पुलिस के अनुसार, 29 सितंबर 2025 को वीरेंद्र भारती गोस्वामी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हुई थी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में उनके शरीर पर 17 गंभीर चोटों की पुष्टि होने के बाद मामला हत्या का पाया गया।
डीसीपी पश्चिम संदीप पटेल के मार्गदर्शन में की गई जांच के दौरान मृतक की पत्नी दीपा भारती गोस्वामी (44), बेटी तनिया भारती गोस्वामी (19) और एक नाबालिग लड़की से पूछताछ की गई। पूछताछ में तीनों ने हत्या करना स्वीकार कर लिया।
जांच में सामने आया कि 27 सितंबर 2025 की रात करीब 11 बजे मोबाइल देखने को लेकर घर में विवाद हुआ था। इसी दौरान गुस्से में आकर तीनों ने लकड़ी के बैट और ईंट से वीरेंद्र के सिर पर हमला कर दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित