रायपुर , मार्च 17 -- छत्तीसगढ़ की राजधानी में आपराधिक गतिविधियों में वृद्धि हुई है। रविवार देर रात से सोमवार शाम तक 24 घंटे के भीतर चाकूबाजी की चार अलग-अलग घटनाओं ने कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। गांधी नगर, इंद्रप्रस्थ फेस-2, डबरापारा और मौदहापारा इलाके में हुई इन वारदातों में कुल आठ लोग घायल हुए हैं। सभी घायलों का इलाज विभिन्न अस्पतालों में जारी है।
पुलिस के अनुसार, घटनाओं के बाद सभी प्रभावित इलाकों में अतिरिक्त बल तैनात किया गया है और वरिष्ठ अधिकारी हालात पर लगातार नजर बनाए हुए हैं। प्रशासन का दावा है कि स्थिति फिलहाल नियंत्रण में है।
मौदहापारा इलाके में पुरानी रंजिश एक बार फिर सामने आई, जहां दो पक्षों के बीच कहासुनी के बाद चाकूबाजी हो गई। घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में लोग थाने पहुंच गए और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर प्रदर्शन किया। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। बताया जा रहा है कि इस विवाद की जड़ पिछले वर्ष हुई एक हिंसक घटना से जुड़ी है, जिसके चलते दोनों पक्षों के बीच तनाव बना हुआ था।
इंद्रप्रस्थ फेस-2 में देर रात तेज आवाज में गाना बजाने को लेकर विवाद इतना बढ़ा कि कुछ लोग एक युवक के घर में घुस गए और मारपीट करते हुए युवक पर चाकू से हमला कर दिया। पुलिस ने इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
डबरापारा क्षेत्र में पुरानी रंजिश के चलते एक प्रॉपर्टी कारोबारी पर चाकू से हमला किया गया। गंभीर रूप से घायल व्यक्ति को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित