रायपुर , जनवरी 22 -- छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के सिविल लाइन थाना क्षेत्र में फूड डिलीवरी से जुड़ा एक गंभीर मामला सामने आया है।

जोमैटो डिलीवरी ब्वॉय बताए जा रहे एक युवक पर ठेकेदार को फोन पर गाली-गलौज करने और घर में घुसकर जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगा है। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ आज अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पीड़ित ठेकेदार ललित प्रजापति ने पुलिस को बताया कि 21 जनवरी को दोपहर लगभग 1.30 बजे उनके मोबाइल पर एक अज्ञात नंबर से लगातार कॉल आए। कॉल करने वाले व्यक्ति ने खुद को जोमैटो डिलीवरी ब्वॉय बताते हुए बिरयानी का ऑर्डर डिलीवर करने की बात कही। ठेकेदार ने स्पष्ट रूप से कहा कि उन्होंने कोई ऑनलाइन ऑर्डर नहीं किया है और इसे गलत नंबर बताते हुए कॉल काट दिया।

शिकायत के अनुसार कुछ देर बाद जब ठेकेदार अपने घर के बाहर एक मेडिकल स्टोर पर सामान खरीद रहे थे, उसी नंबर से दोबारा कॉल आया। इस दौरान फोन स्पीकर पर था। आरोप है कि कॉल करने वाले युवक ने न सिर्फ अपशब्दों का प्रयोग किया, बल्कि घर में घुसकर जान से मारने की धमकी भी दी।

घटना से भयभीत ठेकेदार ने सिविल लाइन थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि शिकायत के आधार पर संबंधित मोबाइल नंबर धारक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। नंबर की तकनीकी जांच के जरिए आरोपी की पहचान की जा रही है और जल्द ही उसे पकड़कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित