रायपुर , अप्रैल 27 -- छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में पूर्व विधायक धनीराम साहू के पुत्र जय साहू (45) ने कथित रूप से फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। उनका शव पंडरी थाना क्षेत्र स्थित मोवा के आदर्श नगर इलाके में उनके घर के एक कमरे में फंदे से लटका हुआ मिला।
पुलिस से आज मिली जानकारी के अनुसार घटना रविवार देर रात की है, जब परिजनों ने सूचना दी कि जय साहू कमरे में बंद हैं और दरवाजा नहीं खोल रहे हैं। मौके पर पहुंची पुलिस ने दरवाजा खोलकर देखा तो उनका शव रस्सी के सहारे लटका मिला।
प्रारंभिक जांच में पारिवारिक कारणों से तनाव की बात सामने आई है। परिजनों ने पुलिस को बताया कि जय साहू पिछले कुछ समय से मानसिक रूप से परेशान थे। वहीं, पुलिस को यह भी जानकारी मिली है कि हाल ही में उनका अपनी पत्नी किरण के साथ विवाद हुआ था। घटना के समय उनकी पत्नी घर पर मौजूद नहीं थीं।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि परिजनों और करीबियों से पूछताछ की जा रही है, जिससे आत्महत्या के कारणों का स्पष्ट पता चल सके।
उल्लेखनीय है कि जय साहू के पिता धनीराम साहू वर्ष 1977 में कसडोल विधानसभा क्षेत्र से विधायक निर्वाचित हुए थे और अविभाजित मध्यप्रदेश सरकार में मंत्री पद भी संभाल चुके हैं। क्षेत्रीय राजनीति में उनका प्रभाव रहा है।
पुलिस के अनुसार, पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मामले की स्थिति और स्पष्ट हो पाएगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित