रायपुर , मार्च 12 -- छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में ठगी का एक अनोखा मामला आज सामने आया है, जहां शातिर ठगों ने पुराने चांदी के सिक्कों का लालच देकर एक कारोबारी से लाखों रुपये की ठगी कर ली। आरोपियों ने असली सिक्के दिखाकर भरोसा जीत लिया और सौदा पक्का होने के बाद नकली सिक्कों की पोटली थमाकर नकदी और सोने के जेवर लेकर फरार हो गए। मामले की शिकायत मिलने के बाद अब पुलिस जांच में जुट गई है।

जानकारी के अनुसार यह घटना न्यू राजेंद्र नगर थाना क्षेत्र की है। अमलीडीह निवासी कारोबारी मुरली केसरवानी को कुछ लोगों ने संपर्क कर बताया कि उनके पास बड़ी मात्रा में पुराने चांदी के सिक्के हैं, जिन्हें वे बाजार भाव से कम कीमत पर बेचने के इच्छुक हैं। आरोपियों ने शुरुआती मुलाकात में कुछ असली सिक्के दिखाकर कारोबारी का भरोसा जीत लिया।

ठगों की बातों में आकर मुरली केसरवानी ने सौदे के लिए हामी भर दी। तय स्थान पर हुई मुलाकात के दौरान उन्होंने आरोपियों को करीब 5 लाख रुपये नकद और कुछ सोने के आभूषण दे दिए। रकम और जेवरात मिलते ही आरोपी जल्दबाजी में वहां से निकल गए और मौके से फरार हो गए।

आरोपियों के जाने के बाद जब व्यापारी ने सिक्कों की पोटली खोलकर जांच की, तो ऊपर रखे कुछ सिक्कों को छोड़कर बाकी सभी सिक्के नकली और सस्ती धातु के निकले। ठगी का एहसास होने पर पीड़ित ने तत्काल न्यू राजेंद्र नगर थाने पहुंचकर मामले की शिकायत दर्ज कराई।

पुलिस ने आरोपी अमर कुमार और उसके साथियों के खिलाफ धोखाधड़ी की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। फिलहाल आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए आसपास के इलाकों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित