रायपुर , अप्रैल 15 -- ) छत्तीसगढ़ में रायपुर के पंडित दीनदयाल उपाध्याय सभागार में बुधवार को नारी शक्ति वंदन अधिनियम के समर्थन में नारी शक्ति महासम्मेलन का आज आयोजन किया गया, जिसमें विभिन्न सामाजिक संगठनों की हजारों महिलाएं शामिल हुईं।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि 21वीं सदी में महिलाओं को सशक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण निर्णय लिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि संसद में महिलाओं के लिए 33 प्रतिशत आरक्षण सुनिश्चित किया जा रहा है, जो देश के लोकतांत्रिक इतिहास में मील का पत्थर साबित होगा। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पिछले 12 वर्षों में महिलाओं के सम्मान और सशक्तिकरण के लिए किए गए कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि "बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ", "सुकन्या समृद्धि योजना" और "नारी शक्ति वंदन अधिनियम" जैसी योजनाएं महिलाओं के उत्थान में अहम भूमिका निभा रही हैं।

उन्होंने कहा कि देश के सर्वोच्च संवैधानिक पद पर द्रौपदी मुर्मू का आसीन होना महिलाओं के बढ़ते सम्मान का प्रतीक है। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने उपस्थित महिलाओं पर पुष्पवर्षा कर उनका अभिनंदन किया।

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सरोज पांडेय ने कहा कि नारी शक्ति वंदन अधिनियम वर्ष 2023 में पारित हुआ, जबकि इसे 1996, 1998 और 2008 में भी संसद में प्रस्तुत किया गया था, लेकिन उस समय इसे समर्थन नहीं मिल पाया। उन्होंने कहा कि 2029 से लोकसभा और विधानसभा में महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण का लाभ मिलेगा, जो देश में महिला सशक्तिकरण की दिशा में क्रांतिकारी कदम होगा। उन्होंने कहा कि विकसित भारत के लक्ष्य को हासिल करने के लिए आधी आबादी का सशक्त होना आवश्यक है।

महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने कहा कि नारी शक्ति वंदन अधिनियम केवल एक विधायी पहल नहीं, बल्कि करोड़ों महिलाओं के संघर्ष, समर्पण और योगदान का सम्मान है। उन्होंने कहा कि इससे महिलाओं की राजनीतिक भागीदारी बढ़ेगी और देश के विकास में उनकी भूमिका और मजबूत होगी।

कार्यक्रम का वातावरण उत्साह और आत्मीयता से भरा रहा। बड़ी संख्या में उपस्थित महिलाओं में मुख्यमंत्री के साथ सेल्फी लेने को लेकर विशेष उत्साह देखने को मिला। मुख्यमंत्री ने भी सहजता से महिलाओं के मोबाइल लेकर उनके साथ तस्वीरें खिंचवाईं, जो उनके सरल स्वभाव और नारी शक्ति के प्रति सम्मान को दर्शाता है।

कार्यक्रम का संचालन महापौर मीनल चौबे ने किया, जबकि आभार महासमुंद सांसद रूप कुमारी चौधरी ने व्यक्त किया। मंच पर वर्णिका शर्मा, विभा अवस्थी, पद्मश्री उषा बारले, नीता डूमरे, आदर्श वर्मा, नीलू त्रिपाठी, इला गुप्ता, सविता देवी, भार्वी वैष्णव, शीतल नायक और अस्मिता मक्कड़ सहित कई महिला प्रतिनिधि उपस्थित रहीं।

इस दौरान श्री साय दर्शक दीर्घा की अंतिम पंक्ति में बैठकर कार्यक्रम का अवलोकन करते नजर आए, जिसे महिलाओं के सम्मान के प्रतीक के रूप में देखा गया। इस दौरान भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण देव, उपमुख्यमंत्री अरुण साव, प्रदेश महामंत्री यशवंत जैन, डॉ. नवीन मार्कण्डेय, सांसद बृजमोहन अग्रवाल, विधायक पुरंदर मिश्रा और जिलाध्यक्ष रमेश सिंह ठाकुर भी उपस्थित थे।

कार्यक्रम से पूर्व महिला मोर्चा द्वारा प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के प्रति आभार व्यक्त करने के लिए बाइक और स्कूटी रैली निकाली गई, जो आजाद चौक से प्रारंभ होकर ऑडिटोरियम तक पहुंची। कार्यक्रम के पश्चात नारी शक्ति पदयात्रा निकालकर महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण देने के निर्णय के लिए धन्यवाद ज्ञापित किया गया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित