रायपुर , मार्च 29 -- छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में यातायात पुलिस ने नशे में वाहन चलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रखते हुए 28 मार्च की रात विशेष अभियान चलाकर 137 वाहन चालकों को पकड़ा।
पुलिस ने आज खुलासा करते हुए बताया कि यह अभियान सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने और आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से चलाया जा रहा है।
यातायात पुलिस कमिश्नरेट के अनुसार नवरात्र समाप्त होने के बाद शहर में जांच अभियान को पुनः तेज किया गया है। पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला और पुलिस उपायुक्त (यातायात एवं प्रोटोकॉल) विकास कुमार के निर्देश पर शराब पीकर वाहन चलाने वालों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जा रही है।
अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त विवेक शुक्ला के नेतृत्व में शहर के आठ अलग-अलग स्थानों पर विशेष जांच अभियान चलाया गया। इस दौरान एमवी एक्ट की धारा 185 के तहत नशे की हालत में वाहन चलाते पाए गए 137 चालकों के खिलाफ चालानी कार्रवाई की गई। सभी आरोपियों को सोमवार को न्यायालय में पेश किया जाएगा।
पुलिस के अनुसार वर्ष 2026 की शुरुआत से अब तक करीब 1400 नशेड़ी वाहन चालकों के विरुद्ध कार्रवाई की जा चुकी है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि यह अभियान किसी लक्ष्य पूर्ति के लिए नहीं, बल्कि सड़क दुर्घटनाओं को रोकने और नागरिकों की जान-माल की सुरक्षा के लिए चलाया जा रहा है।
यातायात पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे यातायात नियमों का पालन करें और शराब पीकर वाहन चलाने से बचें, ताकि स्वयं और दूसरों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित