रायपुर , मार्च 30 -- छत्तीसगढ़ में रायपुर पुलिस कमिश्नरेट की यातायात पुलिस ने नशे में वाहन चलाने वालों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 159 वाहन चालकों पर कार्रवाई की है।
यह जानकारी सोमवार को रायपुर पुलिस ने दी।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 29 मार्च की देर रात शहर के आठ अलग-अलग स्थानों पर विशेष सघन जांच अभियान चलाया गया। यह अभियान पुलिस आयुक्त डॉ. संजीव शुक्ला के निर्देशन तथा पुलिस उपायुक्त (यातायात एवं प्रोटोकॉल) विकास कुमार के मार्गदर्शन में संचालित किया गया।
अभियान के दौरान महज तीन से चार घंटे की कार्रवाई में 159 वाहन चालक नशे की हालत में वाहन चलाते पाए गए। एक ही अभियान में अब तक की सर्वाधिक कार्रवाई मानी जा रही है। इससे पहले एक अभियान में अधिकतम 154 प्रकरण दर्ज किए गए थे।
पुलिस के अनुसार वर्ष 2026 में अब तक नशे में वाहन चलाने के कुल 1,580 मामलों में कार्रवाई की जा चुकी है, जो वर्ष 2025 के पूरे वर्ष में दर्ज 1,537 मामलों से अधिक है।
यातायात पुलिस ने स्पष्ट किया है कि इस तरह की कार्रवाई का उद्देश्य केवल चालान करना नहीं, बल्कि सड़क दुर्घटनाओं को रोकना और लोगों के जीवन की सुरक्षा सुनिश्चित करना है।
पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे शराब या अन्य नशीले पदार्थों के सेवन के बाद वाहन न चलाएं, हेलमेट और सीट बेल्ट का उपयोग करें तथा सभी यातायात नियमों का पालन करते हुए जिम्मेदार नागरिक की भूमिका निभाएं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित