रायपुर , अप्रैल 14 -- त्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में नकली दवाओं के अवैध कारोबार का पर्दाफाश करते हुए पुलिस ने तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में एक इंदौर से दवा आपूर्ति करने वाला तथा दो स्थानीय मेडिकल स्टोर संचालक शामिल हैं। न्यायालय ने सभी आरोपियों को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, इस संगठित रैकेट का खुलासा उस समय हुआ जब गोगांव क्षेत्र स्थित एक ट्रांसपोर्ट में संदिग्ध दवाओं की बड़ी खेप बरामद की गई। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि ये दवाएं मध्य प्रदेश के इंदौर से मंगाई गई थीं। इसके बाद औषधि विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम ने सारंगढ़ और भाठापारा क्षेत्र के कई मेडिकल प्रतिष्ठानों पर छापेमारी की।
जांच के दौरान यह भी सामने आया कि जनवरी माह में सारंगढ़ के एक दवा विक्रेता की रायपुर में सहायक औषधि नियंत्रक संजय कुमार नेताम से एक होटल में मुलाकात हुई थी, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ। वीडियो में कथित तौर पर फाइलों के आदान-प्रदान और संदिग्ध गतिविधियां नजर आईं। मामले के संज्ञान में आने के बाद संबंधित अधिकारी को निलंबित कर विभागीय जांच प्रारंभ की गई है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित