रायपुर , सितंबर 07 -- छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में डीसीपी क्राइम/साइबर कार्यालय में पदस्थ स्टेनो के साथ ड्यूटी के दौरान कथित तौर पर गाली-गलौज और मारपीट करने तथा शासकीय मोटरसाइकिल में तोड़फोड़ का मामला सामने आया है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मनीष यदु और कमलेश कुशवाहा के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस में दर्ज शिकायत के मुताबिक घटना 5 सितंबर की है। स्टेनो डीसीपी क्राइम कार्यालय में पदस्थ आरक्षक क्रमांक 1329 के साथ शासकीय मोटरसाइकिल से शासकीय कार्य के सिलसिले में पुराना पीएचक्यू लौट रहा था। रास्ते में ट्रैफिक जाम होने पर वह वहां ड्यूटी पर तैनात सहायक उप निरीक्षक से बातचीत कर रहा था।
आरोप है कि इसी दौरान सामने खड़ी पल्सर मोटरसाइकिल क्रमांक CG04PA9804 के चालक मनीष यदु और पीछे बैठे कमलेश कुशवाहा ने पुलिसकर्मी से विवाद शुरू कर दिया। शिकायत में कहा गया है कि कमलेश ने पुलिसकर्मी को अपशब्द कहे। पुलिस अधिकारी से इस तरह गाली-गलौज करने पर आपत्ति जताने के बाद दोनों युवक उसके पास पहुंचे और कथित तौर पर मारपीट करने लगे।
शिकायत के अनुसार मारपीट से पुलिसकर्मी की पीठ, दाहिने कंधे और गाल में चोट आई है। दोनों युवकों पर शासकीय मोटरसाइकिल क्रमांक CG03/4736 में तोड़फोड़ करने का भी आरोप है, जिससे उसकी हेडलाइट समेत अन्य पार्ट्स क्षतिग्रस्त हो गए।
पुलिस ने प्रकरण में एफआईआर दर्ज कर आरोपियों के खिलाफ आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित