रायपुर , जून 22 -- छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के उरला थाना क्षेत्र में सोमवार सुबह एक सड़क दुर्घटना में बाइक सवार दो युवक घायल हो गए। घटना मेटल पार्क इलाके की है, जहां एक तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक को टक्कर मार दी। दोनों घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार जारी है।
पुलिस के अनुसार, घायल युवक सुबह अपनी फैक्ट्री में ड्यूटी के लिए बाइक से जा रहे थे। इसी दौरान मेटल पार्क के समीप उनकी मोटरसाइकिल अचानक बीच सड़क पर बंद हो गई। दोनों युवक बाइक को नियंत्रित कर सड़क किनारे ले जाने का प्रयास कर रहे थे, तभी पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने उन्हें टक्कर मार दी।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, टक्कर का प्रभाव इतना तेज था कि दोनों युवक सड़क पर कई फीट दूर जा गिरे, जिससे उन्हें चोटें आईं। दुर्घटना के बाद मौके पर कुछ समय के लिए अफरा-तफरी की स्थिति बन गई।
स्थानीय लोगों, राहगीरों और दुकानदारों ने तत्काल राहत कार्य करते हुए पुलिस एवं एंबुलेंस को सूचना दी। इसके बाद दोनों घायलों को नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया।
सूचना मिलने पर उरला थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और दुर्घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने ट्रक को जब्त कर चालक को हिरासत में ले लिया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित