रायपुर , मार्च 13 -- ) छत्तीसगढ़ के रायपुर में घरेलू रसोई गैस सिलेंडरों के दुरुपयोग और कालाबाजारी को रोकने के लिए जिला प्रशासन ने अभियान चलाया और कई सिलेंडर जब्त किये हैं।

कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह के निर्देश पर खाद्य विभाग की संयुक्त जांच टीम ने जिले के विभिन्न इलाकों में गुरुवार शाम छापेमारी कर कई स्थानों पर कार्रवाई करते हुए बड़ी संख्या में सिलेंडर जब्त किए।

जांच के दौरान धरसींवा विकासखंड के सेजबहार स्थित कमल होटल में घरेलू गैस का व्यावसायिक उपयोग पाया गया। टीम ने मौके से 14.2 किलोग्राम क्षमता के 8 सिलेंडर जब्त किए। इसी तरह बाबूलाल चिकन सेंटर में भी घरेलू गैस का उपयोग व्यवसायिक गतिविधियों में किए जाने की पुष्टि होने पर 3 सिलेंडर जब्त किए गए।

अभनपुर-नवापारा क्षेत्र में रवि ग्लास एंड प्लाइवुड में एलपीजी सिलेंडरों की कालाबाजारी का मामला सामने आया। यहां से 14.2 किलोग्राम क्षमता के 26 घरेलू सिलेंडर, 19 किलोग्राम के दो व्यावसायिक सिलेंडर और 5 किलोग्राम के 4 सिलेंडर जब्त किए गए।

इस दौरान खाद्य विभाग की टीम ने कोरासी इंडेन ग्रामीण वितरक गैस एजेंसी की भी जांच की, जहां रिकॉर्ड और वास्तविक स्टॉक में बड़ा अंतर सामने आया। जांच में 14.2 किलोग्राम के 101 भरे और 64 खाली घरेलू सिलेंडर तथा 19 किलोग्राम के 23 खाली व्यावसायिक सिलेंडर कम पाए गए।

अनियमितता सामने आने के बाद एजेंसी के गोदाम में मौजूद कुल 355 घरेलू और व्यावसायिक सिलेंडरों को जब्त कर एजेंसी की सुपुर्दगी में दिया गया है। मामले में एलपीजी (वितरण और विनियमन) आदेश 2000 के तहत आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित