रायपुर , अप्रैल 22 -- छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में वन्यजीव तस्करी का एक बड़ा मामला सामने आया है, जहां वन विभाग ने जिंदा पैंगोलिन के साथ दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि इस दुर्लभ वन्यजीव का सौदा करीब 50 करोड़ रुपए में किया जाना था।

वन परिक्षेत्र अधिकारी रायपुर दीपक कुमार तिवारी के अनुसार, विभाग को बुधवार को गुप्त सूचना मिली थी कि शहर में पैंगोलिन की अवैध खरीद-फरोख्त होने वाली है। सूचना के आधार पर एक विशेष टीम गठित कर भाटागांव क्षेत्र में योजना के तहत कार्रवाई की गई। टीम के सदस्यों ने ग्राहक बनकर आरोपियों से संपर्क स्थापित किया और सौदे की पुष्टि के बाद दबिश देकर उन्हें रंगे हाथ पकड़ लिया।

गिरफ्तार आरोपियों के नाम खोखन हालदार और गोपाल बोपचे हैं। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे पैंगोलिन को पखांजूर से रायपुर लाए थे और यहां इसकी बड़ी रकम में सौदा तय किया जाना था।

वन विभाग के मुताबिक, आरोपियों में से एक बालाघाट का निवासी है, जिसके कब्जे से पैंगोलिन बरामद किया गया, जबकि दूसरा पखांजूर क्षेत्र का रहने वाला है। फिलहाल दोनों से गहन पूछताछ जारी है और इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश की जा रही है।

अधिकारियों का कहना है कि इस मामले में आगे और भी अहम खुलासे होने की संभावना है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित